गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग NH-130C पर नए पुलिस जांच नाका निर्माण की तैयारी तेज हो गई है। कलेक्टर बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक देवव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में यह महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। प्रस्तावित जांच नाका मैनपुर से लगभग 08 किलोमीटर दूर ग्राम झरियाबहारा में स्थापित किया जाएगा, जहां ग्राम पंचायत द्वारा भूमि की मंजूरी भी दे दी गई है।
इसी कड़ी में प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों ने प्रस्तावित स्थल का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान थाना प्रभारी (TI) शिवशंकर हुर्रा, एसडीओपी ओमप्रकाश कुजूर, तहसीलदार सुशील कुमार भोई एवं अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने चयनित भूमि का अवलोकन कर जांच नाका निर्माण से संबंधित आवश्यक व्यवस्थाओं और सुरक्षा पहलुओं पर चर्चा की।
NH-130C छत्तीसगढ़ और ओडिशा को जोड़ने वाला महत्वपूर्ण राष्ट्रीय राजमार्ग है, जहां लगातार भारी वाहनों और यात्री वाहनों एवं भारी मात्रा में अवैध मादक पदार्थो आवाजाही बनी रहती है। ऐसे में नए पुलिस जांच नाका बनने से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी। साथ ही अवैध गतिविधियों, संदिग्ध वाहनों एवं तस्करी जैसी घटनाओं पर निगरानी रखने में पुलिस को काफी सुविधा मिलेगी।
स्थानीय ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने भी इस पहल का स्वागत किया है। ग्रामीणों का कहना है कि जांच नाका बनने से क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बढ़ेगी तथा सड़क दुर्घटनाओं और अपराधों पर नियंत्रण लगाने में मदद मिलेगी।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार भूमि संबंधी प्रक्रिया पूरी होने के बाद जल्द ही निर्माण कार्य शुरू किया जा सकता है। आने वाले समय में यह जांच नाका मैनपुर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था के लिए महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।


