‘वृक्ष भी एक शिक्षक होता है, जो मौन रहकर सिखाता है त्याग और परोपकार’: प्रो. सनबरसन साहू
मैनपुर | शिक्षक दिवस के उपलक्ष्य में नवीन शासकीय महाविद्यालय, मैनपुर में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), इको क्लब और निर्वाचन साक्षरता क्लब (ELC) के संयुक्त तत्वावधान में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण और पर्यावरण संरक्षण जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कॉलेज परिसर में विभिन्न प्रजातियों के पौधों का रोपण किया गया तथा उपस्थित प्राध्यापकों व छात्र-छात्राओं ने इनके नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लिया।

प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और गुरुजनों का सम्मान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. सनबरसन साहू ने कहा कि “वृक्ष भी एक शिक्षक होता है”। उन्होंने बताया कि जिस प्रकार एक गुरु अपने ज्ञान, अनुभव और संस्कारों से विद्यार्थी के जीवन को सही दिशा प्रदान करता है, ठीक उसी तरह वृक्ष भी अपने मौन जीवन से हमें धैर्य, त्याग, सहनशीलता, परोपकार और निस्वार्थ सेवा की अनमोल शिक्षा देते हैं। प्राचार्य ने कहा कि वृक्ष स्वयं प्रतिकूल परिस्थितियों को सहकर मानव एवं जीव-जगत को छाया, फल, फूल, औषधियां और प्राणवायु प्रदान करते हैं। उन्होंने आह्वान किया कि प्रत्येक विद्यार्थी कम से कम एक पौधा गोद लेकर उसके संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाए।
आने वाली पीढ़ियों के प्रति जवाबदेही का प्रतीक कार्यक्रम में रासेयो (NSS) अधिकारी प्रो. जय श्री वर्मा ने कहा कि गुरु ज्ञान देकर जीवन को दिशा देते हैं, और वृक्ष अपने अस्तित्व से जीवन को आधार व भविष्य को सुरक्षा प्रदान करते हैं। वहीं ईएलसी (ELC) नोडल अधिकारी प्रो. गायत्री मरकाम ने कहा कि शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर रोपा गया प्रत्येक पौधा गुरुजनों के प्रति सम्मान, प्रकृति के प्रति कृतज्ञता और आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है।
प्राध्यापकों और छात्रों ने बढ़-चढ़कर की सहभागिता पौधारोपण कार्यक्रम में सहायक कार्यक्रम अधिकारी बादल कुजूर, संगीता टोडर, संजय रामटेके, डॉ. मनोज यादव, प्रेमलाल साहू, आंचल शुक्ला, शीतल तभाने, हेमलता एवं भोला यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प दोहराया।

