राधे पटेल / गरियाबंद धमतरी | नगरी। लगातार दो दिनों से हो रही बारिश ने नगरी क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। क्षेत्र के चर्रा कच्छारपारा में स्थित डुमर नाला उफान पर होने से ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। इसी बीच गांव निवासी गोपेश पटेल की तबीयत अचानक बिगड़ गई, लेकिन तेज बहाव के कारण उन्हें अस्पताल तक पहुंचाना चुनौती बन गया।
रातभर गांव में फंसा रहा मरीज
ग्रामीणों के अनुसार, डुमर नाला में पानी का बहाव इतना तेज था कि मरीज को तत्काल अस्पताल ले जाना संभव नहीं हो सका। हालात को देखते हुए मरीज को रातभर गांव में ही रखना पड़ा। परिजन लगातार उसके स्वास्थ्य पर नजर बनाए रहे और पानी कम होने का इंतजार करते रहे।
सरपंच और ग्रामीणों ने दिखाई मानवता
सुबह नाले का जलस्तर कुछ कम होने पर सरपंच रूपेश ध्रुव, परिजनों और ग्रामीणों ने मिलकर मरीज को खाट पर बैठाकर नाला पार कराया। जोखिम भरे हालात के बीच ग्रामीणों ने सावधानीपूर्वक गोपेश पटेल को सुरक्षित दूसरी ओर पहुंचाया, जहां से उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया।
पुल निर्माण की मांग फिर हुई तेज
घटना के बाद ग्रामीणों ने एक बार फिर डुमर नाला पर स्थायी पुल निर्माण की मांग उठाई है। ग्रामीणों का कहना है कि हर वर्ष बरसात के दौरान नाला उफान पर आ जाता है, जिससे गांव का संपर्क आसपास के क्षेत्रों से कट जाता है। कई बार मरीजों, स्कूली बच्चों और ग्रामीणों को जान जोखिम में डालकर नाला पार करना पड़ता है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द पुल निर्माण की दिशा में ठोस कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में किसी भी आपात स्थिति में लोगों को ऐसी परेशानियों का सामना न करना पड़े।



