चार आदिवासी गांवों के पुनर्वास के लिए प्रस्तावित स्थल पर उठाए सवाल, ग्राम सभाओं की संवैधानिक भूमिका सुनिश्चित करने की मांग
पन्नू नेताम, गरियाबंद
गरियाबंद। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अंतर्गत आने वाले चार आदिवासी गांवों के प्रस्तावित विस्थापन एवं पुनर्वास को लेकर क्षेत्र में असंतोष सामने आया है। इस संबंध में ग्राम सभा के माध्यम से कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी गरियाबंद को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित पुनर्वास प्रक्रिया पर आपत्ति जताई गई है।

ज्ञापन में कहा गया है कि सामान्य वनमंडल गरियाबंद के वन कक्ष क्रमांक 616 एवं उससे जुड़े जंगलों को विस्थापन के लिए संभावित पुनर्वास स्थल के रूप में दर्शाया जा रहा है। संबंधित ग्राम सभाओं ने इस पर सहमति नहीं होने की बात कही है। साथ ही कथित आर्थिक प्रलोभन दिए जाने तथा जिले के अन्य वन क्षेत्रों को भी पुनर्वास स्थल के रूप में चिह्नित किए जाने को लेकर चिंता व्यक्त की गई है।
ग्राम सभा ने ज्ञापन में कहा है कि गरियाबंद जिला संविधान की पांचवीं अनुसूची के अंतर्गत आने वाला अनुसूचित क्षेत्र है। यहां पेसा अधिनियम 1996 एवं वन अधिकार अधिनियम 2006 लागू हैं। इन कानूनों का मूल उद्देश्य आदिवासी समाज के पारंपरिक अधिकारों, सामुदायिक संसाधनों, संस्कृति, आजीविका एवं स्वशासन की व्यवस्था को संरक्षित करना है।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई है कि किसी भी वन क्षेत्र को पुनर्वास स्थल के रूप में चिह्नित करने से पहले संबंधित ग्राम सभाओं की संवैधानिक एवं वैधानिक भूमिका सुनिश्चित की जाए। ग्राम सभा ने विस्थापन एवं पुनर्वास से जुड़ी गतिविधियों पर गंभीर चिंता जताते हुए प्रशासन से मामले में उचित पहल करने की मांग की है।


