कॉलेज से छुट्टी के बाद घर लौट रही थीं छात्राएं, सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई घटना; कार और चालक पुलिस के कब्जे में
पन्नू नेताम, गरियाबंद
गरियाबंद। शहर में तेज रफ्तार कार की टक्कर से कॉलेज से पैदल घर लौट रही तीन छात्राएं घायल हो गईं। हादसा सिटी कोतवाली के नजदीक सड़क किनारे हुआ। पीछे से आ रही कार ने छात्राओं को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे तीनों सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे में एक छात्रा को गंभीर चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है। वहीं अन्य दो घायल छात्राओं का जिला अस्पताल गरियाबंद में उपचार किया गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कॉलेज की छुट्टी होने के बाद तीनों छात्राएं पैदल अपने घर की ओर जा रही थीं। इस दौरान वे सड़क किनारे चल रही थीं। तभी पीछे की ओर से तेज रफ्तार में आ रही एक कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों छात्राएं सड़क पर गिरकर घायल हो गईं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
गंभीर छात्रा को रायपुर किया गया रेफर
जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने तीनों छात्राओं का प्राथमिक उपचार किया। इनमें एक छात्रा को गंभीर चोटें आने के कारण बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, जबकि अन्य घायल छात्राओं का जिला अस्पताल में उपचार किया गया।
सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ हादसा
सड़क दुर्घटना की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में कार की चपेट में छात्राओं के आने की घटना सामने आई है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद शहर में सड़क सुरक्षा और वाहन चालकों की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
कार और चालक पुलिस के कब्जे में
घटना की सूचना मिलते ही गरियाबंद सिटी कोतवाली पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार सहित चालक को अपने कब्जे में ले लिया है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य पहलुओं के आधार पर मामले की जांच कर रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
शहर में कॉलेज छात्राओं के साथ हुई इस दुर्घटना ने एक बार फिर तेज रफ्तार वाहन चलाने और सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।


