बिलासपुर में छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ का प्रादेशिक सम्मेलन संपन्न, पत्रकार भवन के लिए जमीन और निर्माण में सहयोग का दिया भरोसा
बिलासपुर। पत्रकार जनसमस्याओं की आवाज बनकर समाज को दिशा देने का महत्वपूर्ण कार्य करते हैं। विशेषकर दूरस्थ और ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने तथा उनके समाधान का रास्ता खोलने में पत्रकारों की अहम भूमिका है। पत्रकारिता में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ जिम्मेदारी भी जरूरी है। समाचार प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले तथ्यों की पुष्टि और उसके सामाजिक प्रभावों का ध्यान रखना चाहिए। यह बात प्रदेश के उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने शुक्रवार को बिलासपुर में आयोजित छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन में कही।
स्व. लखीराम अग्रवाल ऑडिटोरियम में आयोजित सम्मेलन को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचारों के प्रकाशन तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आम जनता की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम है। संविधान दिवस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी जुड़ी हुई है। किसी व्यक्ति से संबंधित समाचार प्रकाशित करने से पहले पूरी पड़ताल जरूरी है, क्योंकि अपुष्ट जानकारी से उसकी प्रतिष्ठा प्रभावित हो सकती है।
पत्रकार भवन के लिए जमीन और निर्माण में सहयोग का भरोसा
सम्मेलन में बिलासपुर और रायपुर में पत्रकार भवन निर्माण के लिए भूमि आवंटन की मांग रखी गई। इस पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने संघ के पदाधिकारियों से दोनों शहरों में उपयुक्त भूमि चिह्नित कर खसरा नंबर और राजस्व अभिलेखों के साथ संबंधित कलेक्टर को आवेदन देने कहा। उन्होंने भूमि आवंटन की प्रक्रिया में शासन की ओर से सहयोग करने का भरोसा दिलाया। साथ ही भूमि आवंटन के बाद पत्रकार भवन निर्माण के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने में भी सहयोग की बात कही।
उन्होंने बताया कि बिलासपुर की पत्रकार कॉलोनी में सड़क और नाली निर्माण के लिए भूमिपूजन हो चुका है। इन विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा कराया जाएगा।
पत्रकार सुरक्षा कानून और बीमा योजना लागू करने की मांग
बेलतरा विधायक सुशांत शुक्ला ने कहा कि पत्रकारिता नागरिकों तक आवश्यक जानकारी पहुंचाने और जनसमस्याओं से प्रशासन को अवगत कराने का प्रभावी माध्यम है। तथ्यपरक तरीके से समस्याओं को सामने रखने से जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के साथ संवाद स्थापित कर समाधान निकालने में मदद मिलती है।
वहीं, संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने पत्रकारों के हितों से जुड़े मुद्दे उठाते हुए पत्रकार सुरक्षा कानून और पत्रकार बीमा योजना लागू करने की मांग की। उन्होंने पत्रकार सम्मान निधि के नियमों को सरल बनाने तथा आर्थिक सहायता की राशि बढ़ाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया।
प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकार
सम्मेलन में संघ के प्रदेश महासचिव विश्व दीपक राय, कोषाध्यक्ष अनिल पवार, संयोजक राजेश मिश्रा, निर्मल सलूजा, रामाधार पटेल, मनोज मिश्रा, रवि शुक्ला, निर्मल शुक्ला, अरविंद शुक्ला और इरशाद अली सहित प्रदेश के विभिन्न जिलों से पत्रकार शामिल हुए।
इस अवसर पर देवभोग से मनमोहन नेताम( प्रदेश सचिव ), सुनील नेताम, धनंजय बिहारी, मकरध्वज प्रधान तथा मैनपुर से राधेश्याम पटेल, हसन खान और रामकृष्ण ध्रुव सहित अनेक पत्रकारों की उपस्थिति रही। इसके अलावा मोहित जायसवाल, डॉ. तिलक राम साहू, चंद्र प्रकाश सूर्या और राजेश सिंह सहित अन्य गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में संघ के कोषाध्यक्ष अनिल पवार ने आभार व्यक्त किया।


