आरोपियों ने 2.51 लाख रुपए की शासकीय वन संपदा को पहुंचाया नुकसान; सीजेएम कोर्ट में किया गया पेश
राधे पटेल/ गरियाबंद मैनपुर | वन विभाग ने जंगल की अवैध कटाई और अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मैनपुर (सामान्य) परिक्षेत्र के देहारगुड़ा और दबनई परिसर में 63 पेड़ों की कटाई कर करीब 5 हेक्टेयर वन भूमि पर अतिक्रमण करने वाले 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों ने इस कृत्य से करीब 2 लाख 51 हजार रुपए की शासकीय वन संपदा को नुकसान पहुंचाया है। विभाग ने सभी आरोपियों को माननीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) गरियाबंद के समक्ष पेश किया है।
वन मण्डलाधिकारी (DFO) गरियाबंद मयंक पाण्डेय के निर्देश एवं उप वनमण्डलाधिकारी देवभोग राजेन्द्र सोरी के मार्गदर्शन में की गई जांच में दो अलग-अलग मामले सामने आए।
पहला मामला: देहारगुड़ा परिसर में 51 पेड़ों की कटाई
प्रारंभिक जांच के बाद वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20994/15 के तहत देहारगुड़ा निवासी रोशनलाल, पंचराम, जोधाराम, थानसिंह और ओगेश (कुल 5 आरोपी) के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। विवेचना में पाया गया कि आरोपियों ने 51 नग साल एवं मिश्रित प्रजाति के वृक्षों की अवैध कटाई कर 4.208 हेक्टेयर वन क्षेत्र में अतिक्रमण का प्रयास किया। इससे विभाग को 1 लाख 96 हजार 927 रुपए की क्षति हुई।
दूसरा मामला: दबनई परिसर में 12 पेड़ काटे
इसी तरह समीपस्थ परिसर दबनई में वन अपराध प्रकरण क्रमांक 20993/18 के तहत गौरघाट निवासी संतोष मरकाम के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया। आरोपी ने 12 नग मिश्रित प्रजाति के वृक्षों को काटकर 0.800 हेक्टेयर वन क्षेत्र पर अतिक्रमण करने का प्रयास किया, जिससे 54 हजार 148 रुपए की शासकीय संपत्ति का नुकसान हुआ।
इनकी रही सराहनीय भूमिका
सभी 6 आरोपियों के विरुद्ध भारतीय वन अधिनियम 1927 की धारा 33 (1) (क) एवं (ग) के तहत कार्रवाई की गई है। इस पूरी कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी राजेन्द्र साहू, छबीलाल ध्रुव, परिक्षेत्र सहायक नरेश नाग, कविन्द्र मिश्रा, परिसर रक्षक अघन सोरी, साहेब लाल, गुलशन अग्रवाणी, परमेश्वर कुर्रे तथा सुरक्षा श्रमिक टीकेश, सुकालू और मनीराम का विशेष योगदान रहा।




