धोबनमाल के पास अमलीपदर तहसीलदार सुशील कुमार भोई की कार्रवाई, सीमावर्ती इलाकों में प्रशासन की बढ़ी निगरानी
मैनपुर । जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी के बीच अवैध धान परिवहन और तस्करी के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी कड़ी में अमलीपदर तहसीलदार सुशील कुमार भोई ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ओडिशा सीमा से लगे धोबनमाल के पास 60 बोरी धान से भरे एक पिकअप वाहन को जब्त किया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पिकअप वाहन में ओडिशा से धान लाकर छत्तीसगढ़ में खपाने की कोशिश की जा रही थी। इसी दौरान प्रशासनिक टीम ने वाहन को पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद धान से भरे पिकअप वाहन को जब्त कर लिया गया है।
धान तस्करों पर प्रशासन की पैनी नजर
धान खरीदी का सीजन शुरू होने के साथ ही गरियाबंद जिले के सीमावर्ती इलाकों में ओडिशा से अवैध रूप से धान लाकर खपाने की आशंका बनी हुई है। इसे देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ा दी है। लगातार हो रही कार्रवाई से अवैध धान परिवहन करने वालों में हड़कंप मचा हुआ है।
कार्रवाई से तस्करों में मचा हड़कंप
अमलीपदर क्षेत्र में तहसीलदार सुशील कुमार भोई की इस कार्रवाई को अवैध धान परिवहन पर अंकुश लगाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है। प्रशासन की ओर से सीमावर्ती मार्गों पर संदिग्ध वाहनों की जांच और निगरानी जारी है।
अब देखना होगा कि प्रशासन की लगातार कार्रवाई से ओडिशा से होने वाले अवैध धान परिवहन पर कितना अंकुश लग पाता है।



