AFPRO और HDFC बैंक की पहल से छोटे एवं सीमांत किसानों को मिलेगा लाभ, उचित किराये पर उपलब्ध होंगे आधुनिक कृषि उपकरण
मैनपुर। किसानों को आधुनिक कृषि तकनीक से जोड़ने और खेती की लागत कम करने की दिशा में ग्राम पंचायत गोपालपुर में महत्वपूर्ण पहल की गई है। AFPRO एवं HDFC बैंक के सहयोग से संचालित समग्र ग्रामीण विकास कार्यक्रम (HDFC-HRDP) के तहत स्थापित महादेव उद्गम कृषि यंत्र किराया केंद्र को 9 प्रकार के आधुनिक कृषि यंत्र एवं सामग्री हस्तांतरित की गई।
28 नवंबर को विकासखंड मैनपुर के ग्राम छुईया स्थित रंगमंच में आयोजित कार्यक्रम में कृषि यंत्र किराया केंद्र समिति के पदाधिकारियों की उपस्थिति में उपकरणों का विधिवत हस्तांतरण किया गया। इस पहल से गोपालपुर पंचायत सहित आसपास के गांवों के किसानों को अब आधुनिक कृषि उपकरण उचित किराये पर उपलब्ध हो सकेंगे।
9 प्रकार के कृषि यंत्र एवं सामग्री सौंपी गई
कृषि यंत्र किराया केंद्र को निम्नलिखित उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं—
पावर वीडर – 1 नग
पावर रीपर – 1 नग
9 टाइन डबल बॉक्स सीड ड्रिल – 1 नग
मैनुअल स्प्रेयर – 1 नग
पोस्ट होल डिगर (गड्ढा खोदने का यंत्र) – 1 नग
मैस्चियो रोटावेटर VL 165 – 1 नग
ब्रश कटर – 1 नग
मैनुअल मल्टी सीडर – 1 नग
बीज बैंक भंडारण बॉक्स – 5 नग
छोटे और सीमांत किसानों को मिलेगी राहत
इस पहल का मुख्य उद्देश्य खेती-किसानी में आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ाना, कृषि कार्यों में लगने वाले समय और मेहनत को कम करना तथा खेती की लागत घटाना है। अक्सर छोटे और सीमांत किसान आर्थिक स्थिति के कारण महंगे कृषि उपकरण नहीं खरीद पाते। ऐसे किसानों को अब कृषि यंत्र किराया केंद्र के माध्यम से जरूरत के अनुसार उचित किराये पर उपकरण उपलब्ध हो सकेंगे।
इससे बुवाई, निराई, कटाई और खेतों से जुड़े अन्य कृषि कार्यों में सुविधा मिलेगी। साथ ही किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों का लाभ सामूहिक रूप से मिल सकेगा।
समिति के सदस्यों को दिया गया प्रशिक्षण
कार्यक्रम के दौरान AFPRO की टीम ने कृषि यंत्र किराया केंद्र समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों को उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, रखरखाव, मरम्मत और सामूहिक संचालन की जिम्मेदारियों के संबंध में जानकारी दी।
इस अवसर पर समिति के अध्यक्ष प्रेमसाय जगत, कोषाध्यक्ष एवं उपसरपंच पारेश्वर नेगी, सचिव जयचंद मरकाम और ग्राम विकास समिति की अध्यक्ष मुकेश्वरी मरकाम उपस्थित रहीं।
AFPRO की ओर से कृषि विशेषज्ञ विकास साहू, एसएम लोकेन्द्र सिंह तथा सीआरपी ललिता कश्यप, परमेश्वर सांडे और गौकरण यादव मौजूद रहे।
ग्रामीण क्षेत्रों में कृषि सुविधाओं को मजबूत करने की यह पहल गोपालपुर पंचायत और आसपास के किसानों के लिए उपयोगी साबित हो सकती है। इससे सामुदायिक संसाधनों का बेहतर उपयोग होने के साथ ग्रामीण आजीविका और कृषि व्यवस्था को सशक्त बनाने में मदद मिलेगी।



