गरियाबंद। गरियाबंद जिले के पाण्डुका क्षेत्र में जल संसाधन विभाग के अंतर्गत संचालित सीसी रोड निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। शनिवार को परिजनों और ग्रामीणों ने पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर जमकर प्रदर्शन किया तथा दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे सीसी रोड निर्माण कार्य में लगे मजदूर योगेंद्र पटेल करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद उनके साथियों ने तत्काल उन्हें पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। परिजनों का आरोप है कि उस समय अस्पताल में डॉक्टर मौजूद नहीं थे, जिसके कारण समय पर उपचार नहीं मिल सका।
हालत गंभीर होने पर घायल युवक को राजिम अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन बरोंडा के पास रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। युवक की मौत के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है।
शनिवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण और परिजन पाण्डुका स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए निर्माण कार्य में सुरक्षा मानकों की अनदेखी, ठेकेदार की लापरवाही तथा अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति को हादसे का प्रमुख कारण बताया। परिजनों का कहना है कि यदि समय पर उचित इलाज मिल जाता तो योगेंद्र पटेल की जान बचाई जा सकती थी।
ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि हादसे के बाद संबंधित ठेकेदार मौके से चला गया और घायल मजदूर की सुध लेने तक नहीं पहुंचा। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने स्वास्थ्य विभाग, जल संसाधन विभाग तथा संबंधित ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि चार दिनों के भीतर दोषियों के विरुद्ध ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्रवासी उग्र आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे। मामले को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच भारी नाराजगी देखी जा रही है।



