रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में आज 1 नवंबर को भारतीय वायुसेना का एयर शो आयोजित होगा। सुबह 11:30 बजे शुरू होने वाले इस शो में जवान 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाएंगे। आकाशगंगा टीम के 8 जवान C-295 विमान से प्रदर्शन करेंगे। इसके बाद MI-17 हेलिकॉप्टर से जवान रस्सी के सहारे नीचे उतरने का प्रदर्शन करेंगे। वहीं, सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टर आसमान में दिल, हीरे और भारत की आकृतियां बनाएंगे। एयर शो 1 और 2 नवंबर को आयोजित होगा, जिसमें वायुसेना की तीन टीमें अपने करतब दिखाएंगी।

C-295 विमान से छलांग लगाएंगे 8 जवान
आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम के 8 प्रशिक्षित जवान करीब 8 हजार फीट की ऊंचाई से पैराशूट के जरिए छलांग लगाएंगे। इसके लिए C-295 विमान का इस्तेमाल किया जाएगा। टीम का नेतृत्व स्क्वाड्रन लीडर आर्यन कैंत्युरा करेंगे। यह टीम आगरा स्थित पैराट्रूपर्स ट्रेनिंग स्कूल से आई है।

MI-17 से रस्सी के सहारे उतरेंगे जवान
एयर शो में MI-17 हेलिकॉप्टर से जवानों के नीचे उतरने का प्रदर्शन भी किया जाएगा। इसमें जवान रस्सी के सहारे हेलिकॉप्टर से जमीन पर उतरेंगे। इस तकनीक का इस्तेमाल विशेष परिस्थितियों में जवानों को किसी स्थान पर जल्दी पहुंचाने के लिए किया जाता है।

आसमान में दिल और हीरे की आकृति बनाएंगे हेलिकॉप्टर
सारंग टीम के 5 हेलिकॉप्टर एक साथ उड़ान भरकर करीब 10 तरह के हवाई करतब दिखाएंगे। इनमें हार्ट फॉर्मेशन खास आकर्षण होगा। इसमें हेलिकॉप्टर सफेद धुएं से आसमान में दिल की आकृति बनाएंगे। इसके अलावा डायमंड और इंडिया फॉर्मेशन भी दिखाए जाएंगे।

हेलिकॉप्टर डॉल्फिन की तरह ऊपर-नीचे उछलते हुए उड़ान भरेंगे। कुछ करतबों में वे एक-दूसरे के सामने से गुजरेंगे। वहीं, सारंग स्प्लिट में पांचों हेलिकॉप्टर अचानक अलग-अलग दिशाओं में उड़ान भरेंगे। यह टीम का खास करतब होगा।
युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए करेंगे प्रेरित
एयर शो के जरिए भारतीय वायुसेना अपने जवानों के प्रशिक्षण, कौशल और काम करने के तरीकों की जानकारी देगी। साथ ही युवाओं को वायुसेना में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


