2 नवंबर को जिला मुख्यालय में जुटेंगे सरपंच, उपसरपंच एवं पंच, कलेक्टर को सौंपेंगे ज्ञापन
गरियाबंद। दीपावली से पहले पंचायतों की लंबित राशि जारी करने की मांग को लेकर जिला सरपंच संघ गरियाबंद द्वारा 2 नवंबर 2026, सोमवार को जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। जिला सरपंच संघ के नेतृत्व में जिलेभर के सरपंच, उपसरपंच एवं पंच एकत्रित होकर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर शासन-प्रशासन का ध्यान आकर्षित करेंगे।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 11 बजे सिविल लाइन स्थित कमार भवन में पंचायत प्रतिनिधि एकत्रित होंगे। इसके बाद कटोरा लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन करते हुए बस स्टैंड गरियाबंद से जिला कलेक्टर कार्यालय तक रैली निकाली जाएगी। यहां पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर लंबित राशि शीघ्र जारी करने की मांग की जाएगी।
संघ की प्रमुख मांगों में मनरेगा की लंबित मजदूरी एवं सामग्री की राशि तत्काल जारी करना, मूलभूत एवं 16वें वित्त आयोग की राशि उपलब्ध कराना, उपसरपंच एवं पंचों का लंबित मानदेय जारी करना, मूल्यांकन एवं सत्यापन पूर्ण हो चुके निर्माण कार्यों का भुगतान करना तथा बारिश से फसल क्षति का सर्वे कर प्रभावित किसानों को मुआवजा देना शामिल है।
जिला सरपंच संघ का कहना है कि पंचायतों में विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। लंबित भुगतान के कारण पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में दीपावली से पहले लंबित राशि जारी करना आवश्यक है, ताकि पंचायतों के विकास कार्यों को गति मिल सके।
संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि निर्धारित समय तक मांगों का निराकरण नहीं किया जाता है, तो आगामी दिनों में घेराव एवं चक्काजाम जैसे आंदोलनात्मक कदम उठाने के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
इस आंदोलन में जिला संरक्षक पन्ना लाल ध्रुव, जिला अध्यक्ष हरीश साहू, कार्यकारी अध्यक्ष कोमल देव ध्रुव, जिला कोषाध्यक्ष हलमन ध्रुवा एवं जिला सचिव पवन सिंह यादव सहित जिले के समस्त विकासखंडों के सरपंच, उपसरपंच एवं पंचों की सहभागिता रहेगी।
आयोजक: जिला सरपंच संघ गरियाबंद एवं समस्त विकासखंड सरपंच संघ अध्यक्ष, उपसरपंच एवं पंचगण, जिला गरियाबंद (छत्तीसगढ़)।



