राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद।आज दिनांक 26/04/2026 को इको सेंटर कोयबा में परिक्षेत्र दक्षिण उदंति, उत्तर उदंति, इंड़ागांव, तौरेंगा, कुल्हाड़ीघाट एवं अरसीकँहार में कार्यरत परिसर रक्षी, पेट्रोलिंग श्रमिक, हाथी ट्रैकर, हार्नबिल ट्रैकर एवं उड़न गिलहरी ट्रैकरों के लिए विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य वन्यजीव संरक्षण गतिविधियों को और अधिक प्रभावी एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाना था।
कार्यक्रम में श्रीमान सहायक संचालक उदंति, परिक्षेत्र अधिकारी दक्षिण उदंति एवं परिक्षेत्र अधिकारी इंड़ागांव की गरिमामयी उपस्थिति रही। प्रशिक्षण के दौरान प्रसिद्ध वाइल्ड लाइफ फोटोग्राफर श्री अभिनन्दन तिवारी द्वारा प्रतिभागियों को वन्यजीव फोटोग्राफी के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी गई। उन्होंने कैमरे के सही उपयोग, वन्यजीवों की सुरक्षित दूरी से फोटो लेने की तकनीक तथा जंगल में फोटोग्राफी के दौरान सावधानियों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके अतिरिक्त वाइल्डलाइफ इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (WII) से आईं सुश्री सुमंद्रीता बनर्जी, श्री हरिहर प्रसाद एवं श्री प्रफुल्ल कुमार सिंह द्वारा प्रतिभागियों को ट्रैप कैमरा संचालन एवं उसके सही उपयोग का प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण में ट्रैप कैमरा लगाने की उपयुक्त जगह का चयन, कैमरे की सेटिंग, बैटरी एवं मेमोरी प्रबंधन तथा वन्यजीवों की गतिविधियों को रिकॉर्ड करने की तकनीकों के बारे में व्यावहारिक जानकारी प्रदान की गई।
इस प्रशिक्षण से क्षेत्र में कार्यरत कर्मचारियों एवं ट्रैकर्स की क्षमता में वृद्धि होने की उम्मीद जताई गई है, जिससे वन्यजीवों की निगरानी, संरक्षण एवं उनके व्यवहार के अध्ययन में महत्वपूर्ण सहयोग मिलेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने प्रशिक्षण को उपयोगी बताते हुए भविष्य में भी ऐसे तकनीकी प्रशिक्षण आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया।



