जशपुर। लोदाम क्षेत्र में बुधवार को मौसम ने अचानक करवट ली और तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश एवं ओलावृष्टि ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। तेज गरज और वज्रपात के चलते क्षेत्र में कई स्थानों पर भारी नुकसान की खबर सामने आई है। वज्रपात की चपेट में आने से 6 मवेशियों की मौत हो गई, वहीं टोल प्लाजा में लगे सात कंप्यूटर सिस्टम भी खराब हो गए।
जानकारी के अनुसार तेज बारिश और बिजली गिरने के कारण टोल प्लाजा की व्यवस्थाएं पूरी तरह प्रभावित हो गईं। कंप्यूटर सिस्टम बंद पड़ने से टोल टैक्स वसूली का कार्य बाधित हो गया, जिसके चलते वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई वाहन चालक घंटों तक जाम जैसी स्थिति में फंसे रहे।
तेज आंधी के कारण क्षेत्र में कई पेड़ और बिजली खंभे उखड़ गए, जिससे बिजली व्यवस्था भी प्रभावित हुई। वहीं कृषि उपज मंडी जांच केंद्र परिसर में आम के पेड़ की बड़ी डाल गिरने से वहां की संरचना क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि घटना के समय वहां कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों के मुताबिक अचानक आए मौसम बदलाव से लोगों में दहशत का माहौल बन गया। ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को भी नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है और प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्य शुरू कर दिए गए हैं।
मौसम विभाग ने आगामी दिनों में भी तेज आंधी, बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। प्रशासन ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।



