गरियाबंद के मैनपुर क्षेत्र में किसानों ने प्रशासन को सौंपा ज्ञापन, NH-130 पर धरना प्रदर्शन की दी चेतावनी
गरियाबंद: खेती-किसानी के सीजन में खाद और डीजल की किल्लत को लेकर एक बार फिर किसानों का गुस्सा फूट पड़ा है। उदंती सीतानदी कोर क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सभा फेडरेशन ने मैनपुर क्षेत्र के किसानों की ओर से अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) को ज्ञापन सौंपते हुए 7 दिनों के भीतर खाद और डीजल की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
किसानों ने आरोप लगाया है कि खरीफ फसल की तैयारी के बीच खाद और डीजल की भारी कमी से कृषि कार्य प्रभावित हो रहा है। ज्ञापन में कहा गया है कि धान, मक्का सहित दलहन और तिलहन फसलों की बुवाई का समय नजदीक है, लेकिन सहकारी समितियों और व्यापारियों द्वारा किसानों को पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा। कई जगह किसानों को केवल एक-एक बोरी खाद देकर वापस भेजा जा रहा है।
किसानों का कहना है कि डीजल की कमी और बढ़ती कीमतों के कारण खेतों की जुताई और अन्य कृषि कार्य रुकने की स्थिति में पहुंच गए हैं। इससे पूरे क्षेत्र के किसान परेशान हैं और समय पर खेती नहीं हो पाने का खतरा मंडरा रहा है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि जल्द से जल्द पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराया जाए और पेट्रोल पंपों में किसानों को प्राथमिकता के आधार पर डीजल दिया जाए। किसानों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि 7 दिनों के भीतर समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो 5 जून 2026 को NH-130 पर धरना प्रदर्शन और आंदोलन किया जाएगा।
यह ज्ञापन ग्राम सभा फेडरेशन उदंती सीतानदी कोर क्षेत्र की ओर से सौंपा गया है। किसानों ने कहा कि लगातार बढ़ रही समस्याओं के बावजूद प्रशासन और संबंधित विभाग गंभीरता नहीं दिखा रहे हैं, जिसके कारण अब आंदोलन ही अंतिम विकल्प बचा है।
क्षेत्र में किसानों की इस चेतावनी के बाद प्रशासनिक हलकों में भी हलचल तेज हो गई है। यदि समय रहते खाद और डीजल की समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो आने वाले दिनों में बड़ा किसान आंदोलन देखने को मिल सकता है।


