राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। जिले के ग्राम पोड में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर सोमवार को ग्रामीणों का आक्रोश सड़क पर फूट पड़ा। गांव में लंबे समय से पानी की समस्या से परेशान बड़ी संख्या में महिलाएं बाल्टी और गुंडी लेकर नेशनल हाईवे-130 पर बैठ गईं और चक्का जाम कर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में पेयजल की गंभीर समस्या बनी हुई है, लेकिन जिम्मेदार विभाग और अधिकारियों द्वारा अब तक कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। भीषण गर्मी के बीच पानी की किल्लत से लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है।
महिलाओं ने आरोप लगाया कि कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ, जिसके चलते मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरना पड़ा। प्रदर्शन के दौरान हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा।
सूचना मिलते ही पांडुका पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाइश देकर जाम समाप्त कराने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही गांव में पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं की गई, तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। गांव की महिलाओं ने कहा कि पानी जैसी मूलभूत सुविधा के लिए बार-बार संघर्ष करना पड़ रहा है, जबकि गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो चुकी है।





