राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। नगर पंचायत देवभोग में पदस्थ एक लेखापाल के साथ मारपीट का मामला सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। घटना का वीडियो अब सामने आया है, जो नगर पंचायत सीएमओ के केबिन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ बताया जा रहा है। हाल के समय में विभिन्न नगर निकायों में अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच विवाद के मामले भी सामने आते रहे हैं।

जानकारी के अनुसार 7 मई को नगर पंचायत कार्यालय में पुराने पेमेंट को लेकर चर्चा चल रही थी। बताया जा रहा है कि पालिका सीएमओ के केबिन में सब इंजीनियर अपने तीन अन्य साथियों के साथ लेखापाल संदीप चंद्राकर से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और पीछे से आए एक युवक ने लेखापाल की गर्दन पकड़कर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।

वायरल वीडियो में लेखापाल के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट होती दिखाई दे रही है। आरोप है कि मौके पर मौजूद सब इंजीनियर और उनके अन्य साथियों ने भी लेखापाल के साथ जमकर मारपीट की।
मामले की शिकायत मिलने के बाद देवभोग पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सब इंजीनियर आर. श्याम सुंदर पटनायक सहित तीन अन्य लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2), 296 और 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं दूसरी ओर लेखापाल संदीप चंद्राकर के खिलाफ भी धारा 296 और 351(3) बीएनएस के तहत केस दर्ज किया गया है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। देवभोग नगर पंचायत क्षेत्र हाल के वर्षों में प्रशासनिक रूप से तेजी से विकसित हो रहा है।


