गरियाबंद। जिले में सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के खिलाफ कथित अभद्र टिप्पणी किए जाने का मामला अब तूल पकड़ता जा रहा है। सर्व आदिवासी समाज युवा प्रभाग के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने अमलीपदर थाना पहुंचकर लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामले को लेकर समाज में भारी नाराजगी देखी जा रही है।
समाज की ओर से दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि सोशल मीडिया में “संस्कार पिता शिवलाल” नामक व्यक्ति द्वारा आदिवासी समाज को लेकर आपत्तिजनक एवं अपमानजनक टिप्पणी की गई है। आवेदन में कहा गया है कि आरोपी द्वारा सोशल मीडिया में ऐसे शब्दों का उपयोग किया गया, जिससे आदिवासी समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में आक्रोश फैल गया है।
शिकायत में उल्लेख किया गया है कि सोशल मीडिया पर आदिवासी समाज के लोगों के लिए अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, जिसे समाज ने अपनी अस्मिता और सम्मान के खिलाफ बताया है। मामले को गंभीर बताते हुए समाज के लोगों ने आरोपी के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मामले को लेकर बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के पदाधिकारी और ग्रामीण अमलीपदर थाना पहुंचे। समाज के प्रतिनिधियों ने पुलिस प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो समाज उग्र आंदोलन करने को मजबूर होगा। समाज के लोगों ने कहा कि आदिवासी समुदाय के सम्मान के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच शुरू कर दी है। थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत और सोशल मीडिया पोस्ट की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



