जशपुर। लोदाम थाना पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए गांजा के पौधों की अवैध खेती का खुलासा किया है। पुलिस ने आरोपी विजय सिंह के घर पर छापेमार कार्रवाई कर 40 नग गांजा के पौधे जब्त किए हैं। जब्त गांजा की कुल मात्रा 3 किलो 646 ग्राम बताई जा रही है, जिसकी अनुमानित कीमत 1 लाख 82 हजार 300 रुपये आंकी गई है।
मामला खिखिर टोली का है, जहां पुलिस को अवैध रूप से गांजा उगाए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर लोदाम पुलिस की टीम ने आरोपी के घर पहुंचकर तलाशी ली। जांच के दौरान घर परिसर में बड़ी संख्या में गांजा के पौधे पाए गए, जिन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने आरोपी विजय सिंह के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अधिकारियों के अनुसार क्षेत्र में नशे के अवैध कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से भी अपील की है कि यदि उनके आसपास किसी प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही हो तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।



