गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रक्शा के जंगल में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक का शव जंगल क्षेत्र में उसकी मोटरसाइकिल के पास पड़ा मिला, जिसके बाद आसपास के ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।

मृतक की पहचान दस्तावेज और मोटरसाइकिल के आधार पर खेमप्रकाश दीवान निवासी ग्राम नागझर, पोस्ट पोंड, जिला गरियाबंद के रूप में की गई है। दस्तावेज में दर्ज मोबाइल नंबर 62xxx8847 बताया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही फिंगेश्वर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका खुलासा अभी नहीं हो पाया है।
स्थानीय लोगों के अनुसार युवक जंगल क्षेत्र तक कैसे पहुंचा, इसे लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही हैं। आशंका जताई जा रही है कि वह किसी निजी काम, दोस्त से मुलाकात या रिश्तेदारी में आया हो सकता है। हालांकि पुलिस अभी किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से बच रही है।
पुलिस आसपास के ग्रामीणों और परिचितों से पूछताछ कर युवक की अंतिम गतिविधियों की जानकारी जुटाने में लगी हुई है। घटनास्थल के आसपास भी जांच की जा रही है ताकि कोई महत्वपूर्ण सुराग मिल सके।
फिंगेश्वर थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल बना हुआ है। ग्रामीण जल्द मामले के खुलासे की मांग कर रहे हैं।


