राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद, मैनपुर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में 38 वर्षीय युवक की मौत हो जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई। यह हादसा मैनपुर से लगभग 15 किलोमीटर दूर मोहंदा रोड पर कचना धुर्वा के पास हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक का नाम अनिल कपिल (उम्र 38 वर्ष) निवासी चिंदाभाटा (धवलपुर) बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि अनिल कापिल अपनी पल्सर बाइक से किसी कार्य से मोहंदा रोड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान कचना धुर्वा के पास उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा इतना भीषण था कि युवक को मौके पर ही गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्काल मदद करते हुए घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है तथा हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार तेज रफ्तार या सड़क की स्थिति हादसे का कारण हो सकती है, हालांकि वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
इस दर्दनाक हादसे के बाद चिंदाभाटा (धवलपुर) गांव सहित आसपास के क्षेत्रों में शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में मातम पसरा हुआ है।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि मोहंदा रोड पर सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम किए जाएं, ताकि भविष्य में इस तरह की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।


