गरियाबंद जिले के ग्राम पंचायत इंदागांव में स्वास्थ्य, सड़क, बैंकिंग एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की मांग को लेकर प्रस्तावित शांतिपूर्ण चक्का जाम एवं जनआंदोलन को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। यह निर्णय कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर के साथ हुई सकारात्मक चर्चा और प्रशासन द्वारा दिए गए आश्वासन के बाद लिया गया।
जानकारी के अनुसार ग्राम इंदागांव के ग्रामीणों एवं जनप्रतिनिधियों ने लंबे समय से क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं को लेकर प्रशासन का ध्यान आकर्षित किया था। मांगों के निराकरण को लेकर ग्रामीणों द्वारा शांतिपूर्ण आंदोलन और चक्का जाम की तैयारी की जा रही थी। इसी बीच प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर एवं अपर कलेक्टर से मुलाकात कर स्वास्थ्य सुविधा, सड़क निर्माण, बैंकिंग सुविधा, उप तहसील संचालन समेत कई जनहित के मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक के दौरान प्रशासन ने ग्रामीणों की मांगों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। प्रशासन की ओर से ग्राम इंदागांव में प्राथमिक उप स्वास्थ्य केंद्र संचालित करने, उप तहसील कार्यालय को सप्ताह में एक दिन संचालित करने तथा फॉरेस्ट संबंधी कारणों से रुके सड़क निर्माण कार्य को जल्द पूरा कराने की बात कही गई।
ग्रामीणों ने प्रशासन की सकारात्मक पहल को देखते हुए फिलहाल प्रस्तावित आंदोलन स्थगित करने का निर्णय लिया है। ग्रामीणों और समाजसेवकों ने कहा कि यदि निर्धारित समय में मांगों पर कार्य नहीं हुआ तो आगे फिर रणनीति बनाई जाएगी।
बैठक एवं आंदोलन स्थगन के दौरान केशरी सिंह ध्रुव, रूपेश मसीह, रमेश प्रधान, लोखूलाल बस्तिया, नन्हे सिंह यादव, राजकुमार काश्यप, मानसिंह बस्तिया, नरसिंग ध्रुव एवं हेमराज पाथर सहित अन्य ग्रामीण उपस्थित रहे।





