गरियाबंद। माननीय उच्चतम न्यायालय नई दिल्ली के निर्देशानुसार 21 अगस्त 2026 से 23 अगस्त 2026 तक राष्ट्रीय स्तर पर “समाधान समारोह (विशेष लोक अदालत)” का आयोजन किया जाएगा। छत्तीसगढ़ राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण बिलासपुर एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर के मार्गदर्शन में इस विशेष लोक अदालत के सफल आयोजन हेतु व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।
समाधान समारोह के दौरान राजीनामा योग्य सभी सिविल प्रकरण, राजीनामा योग्य आपराधिक मामले तथा मोटर दुर्घटना दावा संबंधी मामलों का निराकरण किया जाएगा। तीन दिवसीय इस विशेष आयोजन का उद्देश्य लंबित मामलों का त्वरित, सरल और सौहार्दपूर्ण समाधान करना है, जिससे पक्षकारों को शीघ्र न्याय मिल सके।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा नागरिकों एवं पक्षकारों को लगातार जागरूक किया जा रहा है ताकि अधिक से अधिक लोग इस विशेष लोक अदालत का लाभ उठा सकें। आयोजन को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए पक्षकारों को प्री-सिटिंग हेतु पहले से नोटिस जारी किए गए हैं।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण रायपुर ने बताया कि पक्षकार वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी जुड़ सकते हैं। इसके लिए मोबाइल नंबर 83051-08993 एवं 70000-46278 जारी किए गए हैं। अन्य जिलों के नागरिक भी अपने नजदीकी जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कार्यालय में संपर्क कर अपने लंबित मामलों को आपसी सहमति के आधार पर निपटा सकते हैं।
विशेष लोक अदालत के माध्यम से न्याय प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने की दिशा में यह महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।




