राधे पटेल/ गरियाबंदगरियाबंद: क्या आप भी अपना खुद का व्यवसाय शुरू करने का सपना देख रहे हैं, लेकिन पैसों की कमी आपके आड़े आ रही है? अगर हां, तो गरियाबंद जिला प्रशासन आपके लिए एक बेहतरीन खबर लेकर आया है। जिले में ‘प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना’ (PMFME) के तहत ऑनलाइन आवेदन शुरू हो गए हैं, जिसमें सरकार आपका व्यवसाय स्थापित करने में आर्थिक मदद कर रही है।
कितनी मिलेगी छूट और क्या है गणित? जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र के महाप्रबंधक श्री दिनबंधु ध्रुव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों को बढ़ावा देना है। योजना के तहत आपके प्रोजेक्ट की कुल लागत का 35 प्रतिशत अनुदान (सब्सिडी) सरकार द्वारा दिया जाएगा, जो अधिकतम 10 लाख रुपये तक हो सकता है। इसमें उद्यमी को अपनी जेब से केवल 10 प्रतिशत अंशदान (मार्जिन मनी) लगाना होगा, जबकि बाकी की बची राशि बैंक ऋण (Loan) के रूप में आसानी से उपलब्ध करा दी जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन? (पात्रता और जरूरी दस्तावेज) इस योजना का लाभ लेने के लिए शर्तें बेहद सरल रखी गई हैं ताकि ज्यादा से ज्यादा ग्रामीण और शहरी युवा इसका फायदा उठा सकें:
उम्र: आवेदक की आयु कम से कम 18 वर्ष होनी चाहिए।
शिक्षा: न्यूनतम 8वीं कक्षा उत्तीर्ण होना अनिवार्य है।
जरूरी दस्तावेज: आवेदन के लिए आवेदक का आधार कार्ड, पैन कार्ड, निवास प्रमाण पत्र, पिछले 6 महीने की बैंक पासबुक, जिस मशीन को खरीदना है उसका कोटेशन, प्रोजेक्ट रिपोर्ट और उद्यम रजिस्ट्रेशन (Udyam Registration) होना जरूरी है।
किन उद्योगों पर मिलेगा यह लाभ? इस योजना का दायरा बहुत बड़ा है। स्थानीय कृषि उत्पादों और वनोपज को ध्यान में रखते हुए कई प्रकार के उद्योगों को इसमें शामिल किया गया है। आप इनमें से कोई भी उद्योग शुरू कर सकते हैं:
पोहा उद्योग
आचार एवं विभिन्न मसाला निर्माण
बेकरी उत्पाद और नमकीन/सेवईयां निर्माण
पशु आहार उत्पादन
टमाटर सॉस निर्माण
मक्का, बाजरा, कोदो, कुटकी, रागी आधारित प्रोसेसिंग प्लांट
फल, फूल और सब्जी प्रसंस्करण
हर्बल उत्पाद तथा लघु वनोपज से जुड़ी इकाइयां
कहां और कैसे करें आवेदन? अगर आप इस योजना का लाभ उठाकर एक सफल उद्यमी बनना चाहते हैं, तो केंद्र सरकार के अधिकृत पोर्टल pmfme.mofpi.gov.in पर जाकर सीधे ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यदि आपको फॉर्म भरने या योजना को समझने में किसी भी प्रकार की परेशानी आ रही है, तो आप कार्यालयीन समय में गरियाबंद के संयुक्त जिला कार्यालय स्थित व्यापार एवं उद्योग केंद्र के कक्ष क्रमांक 92 में सीधे संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा आप विभाग के दूरभाष क्रमांक 07706-241268 पर कॉल करके भी पूरी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।


