राधे पटेल / गरियाबंद
मैनपुर /गरियाबंद । क्षेत्र के सुदूर वनांचल ग्राम पंचायत छोटे गोबरा एवं आश्रित ग्राम बड़े गोबरा में बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक ध्रुव ने सघन दौरा कर ग्रामीणों की समस्याओं का जायजा लिया। इस दौरान गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने विधायक का आत्मीय स्वागत किया और अपनी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

दौरे के दौरान ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के दिनों में बड़े गोबरा और छोटे गोबरा गांव टापू में तब्दील हो जाते हैं, जिससे आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता है। लोगों ने मांग रखी कि आसपास की नदी पर पुल-पुलिया का निर्माण कराया जाए, ताकि वर्षा ऋतु में भी गांव का संपर्क बना रहे।
विधायक जनक ध्रुव ने ग्रामीणों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं और पुल-पुलिया निर्माण को लेकर शासन-प्रशासन से चर्चा कर जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया। साथ ही उन्होंने गांव में चल रहे अधूरे निर्माण कार्यों का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान विधायक ने आंगनवाड़ी और स्कूल भवन का जायजा लिया। वहीं बड़े गोबरा स्थित आश्रम और स्कूल के निरीक्षण के समय आश्रम भवन के शौचालय का निर्माण अधूरा पाए जाने पर नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को जल्द कार्य पूर्ण कराने के निर्देश देने की बात कही।
ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लंबे समय से लंबित विकास कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग रखी। इस पर विधायक ने भरोसा दिलाया कि क्षेत्र के सभी अधूरे कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाएगा तथा पुल-पुलिया निर्माण को लेकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
ग्रामीणों ने विधायक के दौरे को सकारात्मक बताते हुए उम्मीद जताई कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान होगा और क्षेत्र में मूलभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।


