गरियाबंद। जिले के न्यू सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, जिसने देखते ही देखते स्टोर रूम से किचन तक अपना फैलाव कर लिया। घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक रविवार सुबह करीब 6:30 बजे न्यू सर्किट हाउस के स्टोर रूम से धुआं और आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग तेजी से फैलते हुए किचन तक पहुंच गई। आग की चपेट में आने से फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन सहित बड़ी मात्रा में रखा घरेलू एवं उपयोगी सामान जलकर राख हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और आग बुझाने के कार्य में जुट गई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, जिससे आग को भवन के अन्य हिस्सों तक फैलने से रोका जा सका।
आग लगने की सूचना मिलने पर लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर नुकसान का जायजा लिया। अधिकारियों द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है तथा हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया जा रहा है।
गनीमत रही कि घटना के समय सर्किट हाउस में मौजूद किसी व्यक्ति को कोई शारीरिक नुकसान नहीं पहुंचा। हालांकि आगजनी की इस घटना से प्रशासनिक अमले में हड़कंप मच गया है।
फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच जारी है और संबंधित विभाग द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।



