कार्तिक पूर्णिमा पर सजा पारंपरिक मेला, लोकसंस्कृति और सामाजिक एकता को बनाए रखने का दिया संदेश
महासमुंद। कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर ग्राम पिरदा में जय मां शीतला समिति के तत्वावधान में पारंपरिक मड़ई मेला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं राष्ट्रीय तेली कर्मा सेना के संस्थापक अशवंत तुषार साहू शामिल हुए। इस दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने चंदन-गुलाल लगाकर और फूल-मालाओं से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान अशवंत तुषार साहू ने ग्रामवासियों और क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों से आत्मीय मुलाकात की तथा सांस्कृतिक कार्यक्रम में सहभागिता निभाई। पारंपरिक मड़ई मेले में ग्रामीणों का उत्साह और सांस्कृतिक गतिविधियों के प्रति लोगों की रुचि देखने को मिली।
मड़ई मेला हमारी लोकसंस्कृति की पहचान : साहू
इस अवसर पर अशवंत तुषार साहू ने कहा कि छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपराएं और रीति-रिवाज हमारी पहचान एवं गौरव हैं। मड़ई मेला जैसे पारंपरिक आयोजन हमारी सांस्कृतिक विरासत को जीवंत बनाए रखने के साथ सामाजिक एकता, आपसी भाईचारे और समरसता को मजबूत करते हैं।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक मूल्यों को समझने का अवसर मिलता है। ग्रामीण क्षेत्रों में होने वाले पारंपरिक आयोजन समाज के विभिन्न वर्गों को एक मंच पर लाकर आपसी सद्भाव और सहयोग की भावना को बढ़ावा देते हैं।
समिति और ग्रामवासियों के प्रति जताया आभार
साहू ने आत्मीय स्वागत एवं सम्मान के लिए जय मां शीतला समिति के सभी पदाधिकारियों, सदस्यों और ग्रामवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया। साथ ही सफल आयोजन के लिए समिति एवं समस्त ग्रामवासियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं।
मड़ई मेले के माध्यम से ग्राम पिरदा में लोकपरंपरा, सांस्कृतिक विरासत और सामाजिक सहभागिता की झलक देखने को मिली।



