उपमुख्यमंत्री अरुण साव होंगे मुख्य अतिथि, दीपावली मिलन समारोह के साथ छत्तीसगढ़ के विकास पर होगी परिचर्चा
राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। छत्तीसगढ़ के न्यायधानी बिलासपुर में 27 नवंबर को प्रदेशभर के पत्रकारों का महाजुटान होने जा रहा है। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ द्वारा प्रादेशिक पत्रकार सम्मेलन, दीपावली मिलन समारोह एवं छत्तीसगढ़ के विकास पर परिचर्चा का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।

संघ के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी एवं प्रदेश सह सचिव मनमोहन नेताम ने उक्त जानकारी देते हुए बताया कि सम्मेलन का आयोजन बिलासपुर स्थित लखीराम ऑडिटोरियम में किया जाएगा। इसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से बड़ी संख्या में पत्रकार शामिल होंगे।

छत्तीसगढ़ के विकास और पत्रकारिता के मुद्दों पर होगी चर्चा
प्रदेश अध्यक्ष अरविंद अवस्थी ने बताया कि सम्मेलन का उद्देश्य पत्रकारों को एक साझा मंच प्रदान करना और प्रदेश के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श करना है। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के विकास, पत्रकारिता की भूमिका और पत्रकारों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर परिचर्चा होगी।

वहीं प्रदेश सह सचिव मनमोहन नेताम ने प्रदेशभर के पत्रकार साथियों से अधिक से अधिक संख्या में सम्मेलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से पत्रकारों के बीच आपसी संवाद, एकता और संगठनात्मक मजबूती को बढ़ावा मिलता है।
दीपावली मिलन समारोह भी होगा आयोजित
प्रादेशिक सम्मेलन के साथ दीपावली मिलन समारोह का भी आयोजन किया जाएगा। इसमें प्रदेशभर से पहुंचे पत्रकार एक-दूसरे से मुलाकात कर शुभकामनाओं का आदान-प्रदान करेंगे। सम्मेलन को लेकर पत्रकारों में उत्साह देखा जा रहा है।


