गरियाबंद जिले के जाड़ापदर गांव के लिए गौरव का क्षण उस समय आया, जब गांव की बेटी लीना नागेश का चयन उप निरीक्षक (SI) पद पर हुआ। जैसे ही वह गांव पहुंची, पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल बन गया। ग्रामीणों, युवाओं और जनप्रतिनिधियों ने लीना को बधाई देते हुए इसे गांव की बड़ी उपलब्धि बताया।

लीना नागेश ऐसे परिवार से आती हैं, जहां सामाजिक सेवा और नेतृत्व की मजबूत परंपरा रही है। उनके पिता गौर सिंह नागेश पूर्व में तेंदूपत्ता प्रबंधक रह चुके हैं, जबकि उनकी माता वर्तमान में जाड़ापदर ग्राम पंचायत की सरपंच हैं। परिवार के सहयोग, मेहनत और संघर्ष के बल पर लीना ने यह सफलता हासिल कर गांव और क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
लीना की माता ने भावुक होते हुए कहा,
“आज मेरी बेटी ने एसआई पद की परीक्षा पास कर घर पहुंची है, जिससे पूरे घर में खुशी का माहौल है और परिवार को उस पर गर्व है। जाड़ापदर गांव के सभी युवा, बुजुर्ग और सियान हमारे घर पहुंचकर मेरी बेटी लीना नागेश को बधाई एवं शुभकामनाएं दे रहे हैं, इसके लिए मैं सभी का आभार व्यक्त करती हूं।”
गांव के वरिष्ठ नागरिक यशवंत बघेल ने कहा कि यह केवल जाड़ापदर गांव ही नहीं बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि लीना की सफलता से क्षेत्र की अन्य लड़कियों को भी प्रेरणा मिलेगी और वे भी बड़े पदों तक पहुंचने का सपना देखेंगी।
वहीं क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य लोकेश्वरी नेताम भी लीना नागेश के निवास पहुंचीं और लीना सहित पूरे परिवार को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता समाज के लिए प्रेरणादायक होती है और लीना ने पूरे क्षेत्र का मान बढ़ाया है।
गौरतलब है कि जाड़ापदर गांव लगातार युवाओं को सेना, पुलिस और सुरक्षा बलों में भेजकर अपनी अलग पहचान बना रहा है। अब तक गांव के कई युवक-युवतियां विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित हो चुके हैं। इनमें प्रमुख रूप से —
- मिथलेश नागेश – सिपाही
- यमुना नागेश – नगर सैनिक
- प्रमोद नायक – सेना
- भूपेंद्र सिंह परिहार – CISF
- मनीष सिंह परिहार – सेना
- खोमलता बंजारा – सिपाही
- खेलीश्वर नागेश – सिपाही
- तुपेश्वर नागेश – सिपाही
जैसे नाम शामिल हैं। अब लीना नागेश के एसआई बनने से गांव के युवाओं में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि जाड़ापदर आज शिक्षा, मेहनत और देशसेवा के क्षेत्र में लगातार आगे बढ़ रहा है।


