राधे पटेल/ गरियाबंद कलेक्टर बी.एस. उइके ने राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में दिए सख्त निर्देश, सुशासन तिहार की तैयारियों की भी समीक्षा
गरियाबंद।जिले में लंबित राजस्व प्रकरणों के त्वरित निराकरण को लेकर कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की विस्तृत समीक्षा बैठक ली। बैठक में नामांतरण, डायवर्सन, भू-अर्जन, त्रुटि सुधार, सीमांकन सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की समीक्षा की गई और अधिकारियों को लंबित मामलों को प्राथमिकता से समय-सीमा में निराकृत करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान कलेक्टर श्री उइके ने देवभोग एसडीएम के राजस्व बैठक में अनुपस्थित रहने पर गंभीर नाराजगी व्यक्त करते हुए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
सुशासन तिहार की तैयारियों पर विशेष जोर
बैठक में आगामी 01 मई 2026 से प्रारंभ होने वाले सुशासन तिहार की तैयारियों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि इस दौरान सभी शासकीय सेवाओं का त्वरित निपटान, जन-सुनवाई, नागरिक सुविधाओं में सुधार और जागरूकता गतिविधियों को प्रभावी रूप से संचालित किया जाए। उन्होंने कहा कि यह अभियान शासन की जवाबदेही बढ़ाने और आम लोगों तक सेवाओं की आसान पहुंच सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
जनगणना 2027 और डिजिटल सिस्टम पर हुई चर्चा
बैठक में जिले में चल रहे जनगणना 2027 कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इसे अत्यंत संवेदनशील प्रक्रिया बताते हुए स्पष्ट और सटीक जानकारी दर्ज करने के निर्देश दिए।
साथ ही भूमि प्रबंधन, डिजिटल सिस्टम अद्यतन, भू-नक्शा अपडेट, जियोरेफरेंसिंग और राजस्व अभिलेखों में त्रुटि सुधार जैसे तकनीकी विषयों पर विभागवार प्रस्तुति ली गई।
अवैध निर्माण और अतिक्रमण पर सख्ती के निर्देश
कलेक्टर ने भू-अर्जन, अतिक्रमण, बेदखली और अवैध कॉलोनी निर्माण के मामलों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां भी विलंब हो रहा है, वहां शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए तथा अवैध गतिविधियों पर सख्त और निरंतर कार्रवाई की जाए।
जनसमस्याओं के समाधान में देरी न हो
लोक सेवा केंद्रों में लंबित आवेदनों, राजस्व वसूली की प्रगति, स्वामित्व योजना, समय-सीमा पत्रों और आधार प्रविष्टि की स्थिति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की देरी नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने मुख्यमंत्री जनदर्शन, कलेक्टर जनदर्शन एवं जनप्रतिनिधियों से प्राप्त आवेदनों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
फील्ड विजिट बढ़ाने के दिए निर्देश
बैठक में वन अधिकार पत्र के भुइया पोर्टल अपडेट, हाईकोर्ट एवं सिविल कोर्ट के लंबित प्रकरण, अवैध खनन पर कार्रवाई और दस्तावेज जमा की स्थिति की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री उइके ने सभी राजस्व अधिकारियों को अधिक से अधिक फील्ड विजिट करने और प्रत्येक प्रकरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर श्री पंकज डाहिरे, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित जिले के सभी राजस्व अधिकारी उपस्थित रहे।


