गरियाबंद जिले के फिंगेश्वर महिला ब्लॉक कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष हेमलता सिन्हा ने देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं को लेकर केंद्र की बीजेपी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार चुनावों में किए गए भारी खर्च की भरपाई आम जनता पर टैैक्स और महंगाई बढ़ाकर कर रही है।

हेमलता सिन्हा ने कहा कि आज देश में खाने-पीने की वस्तुओं से लेकर घरेलू जरूरत के लगभग हर सामान के दाम बढ़ चुके हैं। गरीब और मध्यम वर्ग का जीवन प्रभावित हो रहा है, लेकिन केंद्र सरकार जनता की परेशानियों को नजरअंदाज कर रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से गरीब बस्तियों और ग्रामीण इलाकों में जाकर लोगों की वास्तविक स्थिति देखने की अपील की।
हाल ही में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में लगातार बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे आम लोगों पर आर्थिक बोझ और बढ़ गया है।
हेमलता सिन्हा ने आरोप लगाया कि पेट्रोल-डीजल और गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने आम जनता की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना कमजोर पड़ चुकी है और कई गरीब परिवार फिर से चूल्हे पर खाना बनाने को मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई के कारण आम आदमी अस्पताल तक जाने में भी परेशानी महसूस कर रहा है।
उन्होंने कहा कि सराफा बाजार भी प्रभावित हो रहा है। सोना-चांदी की बढ़ती कीमतों के कारण आम लोगों की पहुंच इन तक नहीं रह गई है, जिससे व्यापारियों का कारोबार भी प्रभावित हुआ है।
महिला कांग्रेस नेता ने यह भी आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसानों के साथ अन्याय कर रही है। उन्होंने कहा कि खेती-किसानी में उपयोग होने वाले यूरिया और डीएपी खाद की कटौती किए जाने से किसान परेशान हैं। गांवों में किसानों को समय पर खाद नहीं मिल पा रही है और उन्हें लंबी लाइनें लगानी पड़ रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द खाद की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित नहीं करती तो इसका असर खेती और उत्पादन पर पड़ेगा।
देश के कई राज्यों में किसानों द्वारा डीएपी और यूरिया खाद की उपलब्धता को लेकर चिंता जताई जाती रही है और समय-समय पर खाद आपूर्ति बढ़ाने की मांग उठती रही है।
हेमलता सिन्हा ने बेरोजगारी और युवाओं के भविष्य को लेकर भी चिंता जताई। उन्होंने कहा कि NEET परीक्षा विवाद और रोजगार की कमी के कारण लाखों युवा परेशान हैं। उन्होंने बीजेपी सरकार पर उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार आम जनता के बजाय बड़े उद्योग समूहों के हित में फैसले ले रही है।
उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का उल्लेख करते हुए कहा उनके कार्यकाल में देश की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में थी, जबकि वर्तमान समय में आर्थिक हालात चिंताजनक होते जा रहे हैं।
अंत में हेमलता सिन्हा ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि महंगाई, बेरोजगारी और किसानों की समस्याओं पर नियंत्रण नहीं किया गया तो कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर सड़क से लेकर चौक-चौराहों तक बड़ा आंदोलन करेगी।


