दुर्ग जिले के आर्य नगर स्थित मोहन नगर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घर के भीतर पति-पत्नी के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। मृतकों की पहचान गोविंद साहू (45 वर्ष) और उनकी पत्नी चंचल साहू (40 वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं उनके दो बच्चे — पुत्री दृष्णा साहू (13 वर्ष) और पुत्र यशांत साहू (11 वर्ष) मृत अवस्था में घर के अंदर पड़े मिले।
घटना की गंभीरता को देखते हुए विजय अग्रवाल सहित अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एफएसएल टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया है, जो मौके से साक्ष्य एकत्र कर रही है।
पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें पारिवारिक विवाद का उल्लेख किया गया है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। फिलहाल मोहन नगर थाना में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी गई है।
इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।


