गरियाबंद जिले के देवभोग थाना पुलिस को नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 क्विंटल 56 किलो गांजा के साथ 5 अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए सभी आरोपी मध्यप्रदेश के भोपाल जिले के निवासी बताए जा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार तस्कर स्विफ्ट डिजायर कार एवं मारुति सुजुकी वाहन के माध्यम से भारी मात्रा में गांजे की तस्करी कर रहे थे। देवभोग पुलिस को मुखबिर से सूचना मिलने के बाद टीम ने घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोका और तलाशी के दौरान गांजा बरामद किया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 क्विंटल 56 किलो गांजा जब्त किया है। जब्त मादक पदार्थ एवं वाहनों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 86 लाख 53 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के बाद पुलिस ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है तथा यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा कहां से लाया गया था और इसकी सप्लाई कहां की जानी थी।
देवभोग पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।


