गरियाबंद। सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के गरियाबंद आगमन पर पुलिस ग्राउंड स्थित हेलीपैड में उनका आत्मीय एवं गर्मजोशी से स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री यहां रायपुर संभाग की महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में शामिल होने पहुंचे थे, जहां उन्होंने पांच जिलों के अधिकारियों के साथ विकास कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की।
हेलीपैड पर पहुंचते ही जनप्रतिनिधियों एवं वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों ने मुख्यमंत्री का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह का माहौल देखने को मिला। मुख्यमंत्री ने उपस्थित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों से आत्मीय मुलाकात कर जिले की विभिन्न विकास गतिविधियों की जानकारी भी ली।
गरियाबंद प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने रायपुर संभाग के गरियाबंद, रायपुर, धमतरी, महासमुंद और बलौदाबाजार जिलों के अधिकारियों की बैठक लेकर शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं की प्रगति, प्रशासनिक व्यवस्थाओं तथा जनसमस्याओं के निराकरण की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री के स्वागत के अवसर पर राजिम विधायक श्री रोहित साहू, बिंद्रानवागढ़ विधायक श्री जनक ध्रुव, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गौरीशंकर कश्यप, संभागायुक्त श्री श्याम धावड़े, रायपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक श्री अमरेश मिश्रा, कलेक्टर श्री बी.एस. उइके, पुलिस अधीक्षक श्री वेदव्रत सिरमौर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री के गरियाबंद आगमन को लेकर प्रशासन द्वारा व्यापक तैयारियां की गई थीं। सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित यह दौरा शासन की योजनाओं की जमीनी स्थिति का आकलन करने और विकास कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।



