राधे पटेल / गरियाबंद
गरियाबंद जिले के मैनपुर से लगभग 25 किलोमीटर दूर तौरेंगा के पास उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब जन समस्या निवारण शिविर में जा रही सहायक आयुक्त (Assistant Commissioner) की सरकारी गाड़ी को एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को चोट नहीं आई।
सहायक आयुक्त की गाड़ी ग्राम अमलीपदर नवापारा में आयोजित सुशासन तिहार में शामिल होने जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही एक अनजान पिकअप वाहन क्रमांक OD08AA 0113 ने सरकारी वाहन को टक्कर मार दी। बताया जा रहा है कि उक्त पिकअप वाहन ओडिशा से सब्जी लाने-ले जाने का कार्य करता है।

टक्कर काफी तेज थी, जिससे सहायक आयुक्त की गाड़ी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे के बाद पिकअप चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली।
हालांकि इस सड़क हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और सभी अधिकारी एवं कर्मचारी सुरक्षित बताए जा रहे हैं। प्रशासनिक अधिकारियों द्वारा मामले की जानकारी संबंधित विभाग और पुलिस को दी गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों और तेज रफ्तार पिकअप के कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना रहता है।
हाल के महीनों में अलग-अलग हिस्सों में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण कई सड़क हादसे सामने आए हैं।


