गरियाबंद। छत्तीसगढ़-ओडिशा सीमा पर नक्सल विरोधी अभियान के दौरान सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त अभियान में CRPF और DVC (District Voluntary Force) की टीम ने ओडिशा के नुआपाड़ा जिले के बोडेन थाना क्षेत्र अंतर्गत पाटदरहा जंगल में नक्सलियों द्वारा छिपाकर रखा गया भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की है। मामले की पुष्टि नुआपाड़ा एसपी अमृत पाल सिंह ने की है।

सुरक्षा एजेंसियों को गुप्त सूचना मिली थी कि नक्सली संगठन ने सीमा से लगे जंगल में हथियार एवं विस्फोटक सामग्री डंप कर रखी है। सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन में जवानों ने जंगल की गहन तलाशी ली, जहां छिपाकर रखा गया नक्सली जखीरा बरामद हुआ।
बरामद सामग्री में 2 देशी बंदूक, 1 मैगजीन, AK-47 से संबंधित सामग्री, गोला-बारूद, 2 टिफिन आईईडी, 8 जिलेटिन स्टिक, बैटरी, सोलर प्लेट, नक्सली वर्दी तथा बारूद से भरे पटाखे शामिल हैं। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके की सघन तलाशी के बाद सभी सामग्री को जब्त कर लिया।

प्राथमिक जांच के अनुसार, नक्सलियों ने इन हथियारों और विस्फोटकों को भविष्य में सुरक्षा बलों पर हमले या अन्य नक्सली गतिविधियों में इस्तेमाल करने के उद्देश्य से जंगल में छिपाकर रखा था। समय रहते इस जखीरे की बरामदगी से सुरक्षा एजेंसियों ने नक्सलियों की बड़ी साजिश को विफल कर दिया।
सुरक्षा बलों ने बरामदगी के बाद आसपास के जंगलों में सर्च अभियान और तेज कर दिया है, ताकि क्षेत्र में सक्रिय नक्सलियों की गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके। अधिकारियों का कहना है कि सीमावर्ती इलाकों में लगातार अभियान जारी रहेगा और नक्सलियों के खिलाफ कार्रवाई में कोई ढिलाई नहीं बरती जाएगी।





