कवर्धा। जिले के पांडातराई थाना क्षेत्र में एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। सोढ़ा गांव के नाले के पास एक बोरी में युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में हुई है। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रेम प्रसंग के चलते आरोपी दंपति ने युवक की बेरहमी से हत्या कर शव के कई टुकड़े कर बोरी में भरकर नाले के पास फेंक दिया था।
जानकारी के अनुसार सोढ़ा गांव के नाले के पास ग्रामीणों को तेज दुर्गंध आने पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरी की जांच की तो उसमें युवक का शव कई टुकड़ों में मिला। शव की पहचान बैहरसरी निवासी कोमल वर्मा के रूप में की गई। बताया जा रहा है कि 28 मई को परिजनों ने पोड़ी चौकी में उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मृतक कोमल वर्मा का गांव की ही एक महिला से प्रेम संबंध था। इसी दौरान महिला के पति ने दोनों को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। इस घटना से आक्रोशित पति ने अपनी पत्नी के साथ मिलकर कोमल वर्मा की हत्या कर दी।
आरोपियों ने हत्या के बाद सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव के कई टुकड़े किए और उन्हें बोरी में भरकर सोढ़ा गांव के नाले के पास फेंक दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई और लोगों में भारी आक्रोश देखा गया।
पुलिस के अनुसार घटना के बाद आरोपी रामस्नेही और उसकी पत्नी मंदाकिनी वर्मा स्वयं पोड़ी चौकी पहुंचे और आत्मसमर्पण कर पूरी वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
फिलहाल पांडातराई थाना एवं पोड़ी चौकी पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है। प्रेम प्रसंग से जुड़े इस जघन्य हत्याकांड ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।



