गरियाबंद। जिले में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम के दौरान शुक्रवार को बड़ा हादसा होते-होते टल गया। कार्यक्रम स्थल पर भोजन बनाने की तैयारी चल रही थी, तभी वहां मौजूद एक पुराना पीपल का पेड़ अचानक भरभराकर गिर पड़ा। हादसे में मौके पर मौजूद 7 लोग घायल हो गए, जिनमें एक बच्चा भी शामिल है। सभी घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार्यक्रम स्थल पर रसोई व्यवस्था की तैयारी चल रही थी। इसी दौरान तेज आवाज के साथ विशाल पीपल का पेड़ बीच से टूटकर नीचे गिर गया। पेड़ गिरते ही कार्यक्रम स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ के नीचे दबे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल भेजा गया। घायलों के हाथ, पैर और सिर में चोटें आई हैं। डॉक्टरों की निगरानी में सभी का इलाज जारी है।
हादसे के बाद कार्यक्रम स्थल पर कुछ समय के लिए अव्यवस्था की स्थिति बनी रही। प्रारंभिक जांच में पेड़ के काफी पुराने और कमजोर होने की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और आसपास के पेड़ों की स्थिति का भी निरीक्षण कराया जा रहा है।
इधर स्थानीय लोगों ने सार्वजनिक कार्यक्रम स्थलों के आसपास मौजूद पुराने और जर्जर पेड़ों की जांच कराने की मांग उठाई है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके। लोगों का कहना है कि भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था और पेड़ों की नियमित जांच बेहद जरूरी है।



