भिलाई: दुर्ग जिले के भिलाई स्थित सुपेला राधिका नगर इलाके में मंगलवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक ट्रांसफार्मर से निकली चिंगारी ने पास की कबाड़ी दुकान को अपनी चपेट में ले लिया। देखते ही देखते दुकान में भीषण आग भड़क उठी और इलाके में धुएं का गुबार फैल गया। हालांकि अग्निशमन विभाग की त्वरित कार्रवाई से बड़ा हादसा टल गया। घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।
जानकारी के अनुसार आग परमानन्द चंदेल की कबाड़ी दुकान में लगी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक अचानक ट्रांसफार्मर से चिंगारी निकली, जिसके बाद कबाड़ में आग पकड़ ली। कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप ले लिया और दुकान से ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन कार्यालय दुर्ग से दमकल की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने देखा कि दुकान में रखे कबाड़ में तेजी से आग फैल रही थी। टीम ने बिना समय गंवाए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और उसे आसपास की दुकानों व मकानों तक फैलने से रोक लिया गया।
प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण ट्रांसफार्मर में शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। यदि समय रहते दमकल टीम मौके पर नहीं पहुंचती, तो आग आसपास के क्षेत्र में भी फैल सकती थी और बड़ा नुकसान हो सकता था।
जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देशन में दल प्रभारी घनश्याम यादव समेत कर्मचारी रामनाथ कुर्रे, संतोष कुमार, अनंत कुमार, भीषम, टिकेंद्र और जितेंद्र ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। दमकल कर्मियों की सूझबूझ और तत्परता से आग पर समय रहते नियंत्रण पा लिया गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
स्थानीय लोगों ने भी दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई की सराहना की। घटना के बाद इलाके में कुछ समय के लिए दहशत का माहौल बना रहा।


