गरियाबंद जिले के दूरस्थ वनांचल क्षेत्र नागेश, करलाझर, साहेबिन कछार समेत गोना में बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव स्वयं मोटरसाइकिल चलाकर ग्रामीण क्षेत्रों के दौरे पर पहुंचे। करीब 40 वर्षों बाद किसी विधायक ने इन गांवों का दौरा किया है।
विधायक के आगमन पर ग्रामीणों भव्य स्वागत किया। गांवों में जगह-जगह फूल-मालाओं और पारंपरिक तरीके से उनका अभिनंदन किया गया। बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और ग्रामीण इस दौरे में शामिल हुए।
दौरे के दौरान विधायक जनक राम ध्रुव ने जन चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने अधूरी सड़क, बिजली, पेयजल और सांस्कृतिक गतिविधियों से जुड़े मुद्दे उठाए। विधायक ने कई समस्याओं पर मौके पर ही अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जल्द समाधान कराने का आश्वासन दिया।
ग्रामीणों की मांग पर विधायक ने नए रंगमंच निर्माण के लिए मंजूरी देने की घोषणा की। वहीं लंबे समय से अधूरी पड़ी सड़कों के निर्माण कार्य को भी जल्द शुरू कराने का भरोसा दिलाया। विधायक ने कहा कि वनांचल क्षेत्र के विकास के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे और मूलभूत सुविधाओं से वंचित गांवों को प्राथमिकता में रखा जाएगा।
विधायक के मोटरसाइकिल से गांव-गांव पहुंचने को लेकर लोगों में खास उत्साह देखने को मिला। ग्रामीणों ने इसे क्षेत्र के लिए ऐतिहासिक दौरा बताते हुए विकास की नई उम्मीद जताई।





