राधे पटेल / गरियाबंद नारायणपुर | नारायणपुर जिले में अवैध जुआ और सट्टा के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना कुकड़ाझोर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 1 लाख 16 हजार 300 रुपये नगद, ताश पत्ती, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक रॉबिंसन गुड़िया के निर्देशन में जिले में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 12 मई 2026 को थाना कुकड़ाझोर पुलिस को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि बोरण्ड करमरी मुख्य मार्ग के बाईं ओर स्थित जंगल मैदान में कुछ लोग 52 पत्ती ताश के माध्यम से रुपये-पैसे का दांव लगाकर हार-जीत का जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और रेड कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान 9 आरोपियों को जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया। पुलिस ने मौके से नगदी राशि, ताश पत्ती, वाहन एवं अन्य सामग्री जब्त की।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपियों के खिलाफ जुआ एक्ट के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में साइबर सेल नारायणपुर एवं थाना कुकड़ाझोर पुलिस की संयुक्त भूमिका रही।
पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा।





