राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। जिला मुख्यालय गरियाबंद में शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। जनपद पंचायत कार्यालय के पास तेज रफ्तार फोर व्हीलर वाहन ने बाइक सवार पिता-पुत्र को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद दोनों सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, घायल पिता-पुत्र ग्राम गुजरा के निवासी हैं, जो घरेलू सामान खरीदने के लिए गरियाबंद आए हुए थे। बताया जा रहा है कि जैसे ही वे जनपद पंचायत कार्यालय के पास पहुंचे, पीछे से तेज गति में आ रही एक चारपहिया वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
घटना के बाद आसपास मौजूद स्थानीय लोग तुरंत मदद के लिए मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने राहत की खबर देते हुए बताया कि दोनों की हालत सामान्य है और किसी को गंभीर चोट नहीं आई है।

वहीं हादसे के बाद कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से फरार वाहन और चालक की तलाश में जुटी हुई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि जनपद पंचायत कार्यालय के आसपास लगातार बढ़ती यातायात भीड़ और तेज रफ्तार वाहनों के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से इस क्षेत्र में यातायात नियंत्रण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। भारत में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना सड़क हादसों का बड़ा कारण माना जाता है।


