राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद | जिले के मैनपुर से तौरेंगा मार्ग पर एक बड़ा सड़क हादसा होते-होते टल गया। अशोक लेलैंड कंपनी की एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। पिकअप में अदरक, लहसुन और प्याज भरा हुआ था।
यह वाहन रायपुर से देवभोग मुखीगुड़ा की ओर जा रही थी। इसी दौरान मैनपुर-तौरेंगा मार्ग के पास चालक का संतुलन बिगड़ गया और वाहन सड़क किनारे पलट गया। सड़क काफी संकरी होने के कारण सामने से आ रहे वाहन को साइड देने के दौरान यह हादसा हुआ।
हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। वाहन चालक पूरी तरह सुरक्षित है और उसे कोई चोट नहीं आई। दुर्घटना में केवल ड्राइवर साइड का मिरर टूट गया है।
स्थानीय लोगों ने तत्काल चालक की मदद की और वाहन में भरी सामग्री को सुरक्षित निकालने का प्रयास किया। बताया जा रहा है कि पिकअप में भरी अधिकांश सामग्री सुरक्षित बच गई।
ग्रामीणों का कहना है कि मैनपुर-तौरेंगा मार्ग कई जगहों पर काफी संकरा है, जिसके कारण आए दिन दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। लोगों ने सड़क चौड़ीकरण और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।


