मैनपुर। शासन की महत्वाकांक्षी आवास योजना का लाभ पाने के लिए एक विधवा महिला पिछले दो वर्षों से सरकारी दफ्तरों के चक्कर काटने को मजबूर है। मामला बिंद्रानवागढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्राम हरदीभाठा का है, जहां निवासरत एक गरीब परिवार को स्वर्गीय हेमंत पटेल के नाम पर आवास स्वीकृत हुआ था, लेकिन आज तक आवास निर्माण की राशि हितग्राही के खाते में हस्तांतरित नहीं की गई है।
ग्राम हरदीभाठा निवासी स्वर्गीय हेमंत पटेल के नाम पर आवास योजना के तहत मकान स्वीकृत हुआ था। इसी बीच हेमंत पटेल का निधन हो गया, जिसके बाद उनकी पत्नी श्रीमती ज्योति पटेल परिवार की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। पति की मृत्यु के बाद से ही श्रीमती ज्योति पटेल आवास की स्वीकृत राशि प्राप्त करने के लिए संबंधित विभागों के चक्कर काट रही हैं, लेकिन उन्हें अब तक कोई राहत नहीं मिल सकी है।
आर्थिक तंगी और पारिवारिक कठिनाइयों के बीच जीवन यापन कर रही ज्योति पटेल ने अपनी समस्या को क्षेत्रीय विधायक जनकराम ध्रुव के समक्ष रखा। मामले की गंभीरता को देखते हुए विधायक जनकराम ध्रुव स्वयं हरदीभाठा स्थित ज्योति पटेल के निवास पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर पूरी जानकारी ली।
विधायक ध्रुव ने संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर आवास योजना की लंबित राशि जल्द से जल्द हितग्राही को उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए और किसी भी प्रकार की प्रशासनिक लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
विधायक के आश्वासन से ज्योति पटेल और उनके परिवार को राहत की उम्मीद जगी है। ग्रामीणों ने भी मांग की है कि मामले का शीघ्र निराकरण कर विधवा महिला को उसका अधिकार दिलाया जाए, ताकि वह अपने आवास का सपना पूरा कर सके।



