राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। क्षेत्र के झरियाबाहारा के बाजाघाटी मोड़ के पास एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जहां खाली गैस टंकियों से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे के दौरान वाहन के चारों चक्के ऊपर हो गए और ट्रक सड़क किनारे लगे बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलट गया।
वाहन क्रमांक CG 04 Q 9611 खाली गैस टंकियों को लेकर देवभोग से रायपुर (टिल्दा) की ओर जा रहा था। ट्रक में कुल 360 खाली गैस टंकियां लदी हुई थीं। बताया जा रहा है कि बाजाघाटी मोड़ के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया, जिससे यह हादसा हुआ।
हादसे के दौरान ट्रक बिजली के पोल को तोड़ते हुए पलटा, जिससे स्थिति और भी खतरनाक हो सकती थी। हालांकि, राहत की बात यह रही कि बिजली की तारें केबल से सुरक्षित (प्रोटेक्टेड) होने के कारण कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा जान-माल का भारी नुकसान हो सकता था।
इस दुर्घटना में चालक रविशंकर कुमार, निवासी जिला गया (उत्तर प्रदेश), को ज्यादा गंभीर चोट नहीं आई है। चालक के पैर और सिर में हल्की चोटें आई हैं और वह सुरक्षित है।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंचकर जांच में जुट गई है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए मार्ग पर आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।
पुलिस द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर मोड़ पर वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की मुख्य वजह माना जा रहा है।


