बिलासपुर के लोहर्सी गांव में रिश्तों का कत्ल; हत्या के बाद पिता और दादी के भाई को फोन कर दी जानकारी, पुलिस ने आरोपी पोते को गिरफ्तार किया
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। यहां 21 वर्षीय युवक ने खाट के लकड़ी के पाए से सिर पर ताबड़तोड़ वार कर अपनी 65 वर्षीय दादी की हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि दादी उसे देर रात तक घर से बाहर घूमने से मना करती थीं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। गुस्से में आकर पोते ने इस वारदात को अंजाम दे दिया।
हत्या के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दादी के शव के पास बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता और दादी के भाई को फोन कर कहा कि उसने दादी को मार डाला है। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। घटना पचपेड़ी थाना क्षेत्र के ग्राम लोहर्सी के सतनामीपारा की है।
दादी और पोता घर में रहते थे अकेले
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्राम लोहर्सी सतनामीपारा निवासी नरबदा कोशले (65) अपने पोते मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले (21) के साथ रहती थीं। उनके पति तिरिथराम कोशले का निधन हो चुका है। वहीं, उनका बेटा साजन कोशले परिवार के साथ रोजी-रोटी कमाने के लिए ऊटी गया हुआ था। ऐसे में घर में दादी और पोता ही रहते थे।
देर रात तक घूमने से रोकती थी दादी, गुस्से में कर दी हत्या
बताया जा रहा है कि माता-पिता के बाहर रहने के कारण बब्बू देर रात तक घर से बाहर घूमता था। उसकी दादी उसे ऐसा करने से मना करती थीं। वह पोते को गलत संगत से बचाना चाहती थीं, लेकिन उनकी बार-बार की रोक-टोक से बब्बू नाराज रहता था।
सोमवार रात भी दादी ने उसे बाहर घूमने जाने से मना किया। इसी बात पर गुस्साए बब्बू ने खाट के लकड़ी के पाए से दादी के सिर पर कई वार कर दिए। गंभीर चोट लगने से नरबदा की मौके पर ही मौत हो गई।
फोन कर पिता से कहा- मैंने दादी को मार डाला
वारदात के बाद आरोपी ने खुद को कमरे में बंद कर लिया और दादी के शव के पास बैठा रहा। इसके बाद उसने अपने पिता साजन कोशले और दादी के भाई भागवत महिलांगे को फोन कर घटना की जानकारी दी।
आरोपी ने बताया कि दादी उसे रोज बाहर जाने से रोकती थीं। इसी बात से परेशान होकर उसने उनकी हत्या कर दी। फोन पर यह जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में हड़कंप मच गया।
खिड़की से झांककर देखा तो पड़ी थी बहन की लाश
सूचना मिलने के बाद दादी के भाई भागवत महिलांगे अपने पड़ोसियों के साथ मौके पर पहुंचे। घर का दरवाजा अंदर से बंद था। काफी आवाज लगाने के बाद भी आरोपी ने दरवाजा नहीं खोला।
इसके बाद परिजनों ने खिड़की से अंदर झांककर देखा तो नरबदा कोशले का शव कमरे में पड़ा दिखाई दिया। इसके बाद तत्काल डायल 112 और पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस के पहुंचने पर खोला दरवाजा, आरोपी गिरफ्तार
सूचना मिलने पर पचपेड़ी पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस के आवाज देने पर आरोपी ने दरवाजा खोला और बाहर आ गया। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया।
पचपेड़ी पुलिस ने हत्या के मामले में आरोपी मृत्युंजय उर्फ बब्बू कोशले को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस घटना के पीछे के कारणों और पारिवारिक विवाद से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।



