साइबर अपराध, उठाईगीरी, धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा के प्रति किया जागरूक; पुलिस-जनता के बीच समन्वय बढ़ाने पर जोर
गरियाबंद | जिले में अपराधों की रोकथाम और जनसुरक्षा को मजबूत बनाने के उद्देश्य से गरियाबंद पुलिस ने विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस जन चौपाल का आयोजन किया। पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर के मार्गदर्शन में आयोजित इस पहल के दौरान पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों और स्थानीय व्यापारी संघों से सीधा संवाद किया। लोगों को अपराधों के प्रति जागरूक करने के साथ ही सुरक्षा व्यवस्था में जनभागीदारी बढ़ाने की अपील की गई।
साइबर अपराध और धोखाधड़ी से बचने की दी जानकारी
जन चौपाल में थाना प्रभारियों और पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को साइबर अपराध, उठाईगीरी, धोखाधड़ी और घरेलू हिंसा जैसे विषयों पर जानकारी दी। अधिकारियों ने लोगों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी पुलिस को देने के लिए प्रेरित किया।
इस दौरान ग्रामीणों और व्यापारियों ने अपनी समस्याएं भी रखीं। पुलिस अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए उनके निराकरण के लिए आवश्यक पहल करने का आश्वासन दिया।
दुकानों और चौक-चौराहों पर CCTV लगाने की अपील
जन चौपाल में सीसीटीवी कैमरों की उपयोगिता पर विशेष जोर दिया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों, प्रमुख चौक-चौराहों और रिहायशी इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने से संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने में मदद मिल सकती है। किसी आपराधिक घटना के बाद फुटेज आरोपियों की पहचान करने और विवेचना में भी उपयोगी साबित हो सकते हैं।
पुलिस अधीक्षक की ओर से व्यापारी संघों और जागरूक ग्रामीणों को अपने प्रतिष्ठानों तथा आसपास के प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रोत्साहित किया गया। पुलिस ने इसे सुरक्षित वातावरण बनाने और अपराध नियंत्रण में सामुदायिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।
एसपी ने जनसुरक्षा में सहयोग की अपील की
पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर ने जिलेवासियों से जनसुरक्षा में सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित समाज का निर्माण केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसमें समाज के हर वर्ग का सहयोग जरूरी है।
उन्होंने व्यापारियों और ग्रामीणों से अपने परिसरों में सीसीटीवी कैमरे लगवाने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाने में सहयोग करने का आग्रह किया। गरियाबंद पुलिस के अनुसार, जन चौपाल का उद्देश्य पुलिस और जनता के बीच की दूरी कम करना, ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षा का वातावरण बनाना और अपराधों की रोकथाम में आम नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित करना है।




