गोवर्धन पूजा पर पहले ही घोषित हो चुका है प्रदेशव्यापी सार्वजनिक अवकाश; अब तुलसी विवाह के अवसर पर जिलेभर में रहेगा स्थानीय अवकाश, छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे कोषालय
जगदलपुर। बस्तर जिले में स्थानीय अवकाश की तारीख में बदलाव किया गया है। जिला प्रशासन ने पहले 9 नवंबर को घोषित स्थानीय अवकाश को निरस्त कर दिया है। अब इसके स्थान पर 20 नवंबर 2026, शुक्रवार को तुलसी विवाह के अवसर पर जिले में स्थानीय अवकाश रहेगा। इस संबंध में कलेक्टर आकाश छिकारा ने संशोधित आदेश जारी किया है।
दरअसल, जिला प्रशासन ने 11 फरवरी 2026 को जारी आदेश के माध्यम से 9 नवंबर 2026 (सोमवार) को गोवर्धन पूजा के अवसर पर स्थानीय अवकाश घोषित किया था। इसी बीच छत्तीसगढ़ शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने 26 अक्टूबर 2026 को जारी अधिसूचना के तहत 9 नवंबर को पूरे प्रदेश में गोवर्धन पूजा का सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया।

ऐसे में एक ही दिन दोहरे अवकाश की स्थिति को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्थानीय अवकाश की तारीख बदलने का निर्णय लिया है।
अब 20 नवंबर को तुलसी विवाह पर रहेगी छुट्टी
कलेक्टर द्वारा जारी संशोधित आदेश के अनुसार, 9 नवंबर को गोवर्धन पूजा के अवसर पर घोषित स्थानीय अवकाश निरस्त कर दिया गया है। इसके स्थान पर शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को तुलसी विवाह के अवसर पर संपूर्ण बस्तर जिले में स्थानीय अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश जिले के सभी संबंधित शासकीय कार्यालयों पर लागू होगा।
छुट्टी के दिन भी खुले रहेंगे कोषालय
जिला प्रशासन ने आदेश में स्पष्ट किया है कि 20 नवंबर को स्थानीय अवकाश होने के बावजूद जिले के सभी कोषालय और उप कोषालय सामान्य कार्यदिवस की तरह खुले रहेंगे। यहां वित्तीय एवं अन्य आवश्यक शासकीय कार्य नियमित रूप से संचालित होंगे।
इस तरह बस्तर जिले में अब 9 नवंबर को अलग से स्थानीय अवकाश नहीं रहेगा, जबकि 20 नवंबर को तुलसी विवाह के अवसर पर जिलेवासियों को स्थानीय अवकाश मिलेगा।


