गरियाबंद | देवभोग। गरियाबंद जिले की देवभोग पुलिस ने अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए दो दिनों में तीन अलग-अलग आबकारी प्रकरणों का खुलासा किया है। पुलिस ने कुल 80 लीटर अवैध महुआ शराब, दो मोटरसाइकिल जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 56 हजार रुपये बताई गई है।
पुलिस अधीक्षक गरियाबंद के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी मैनपुर के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवभोग के नेतृत्व में 12 और 13 जुलाई को थाना क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान ग्राम डोंगरीगुड़ा मार्ग एवं अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में गश्त और वाहन जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में पुलिस ने नारायण कुमार ध्रुव के कब्जे से तीन प्लास्टिक जरीकनों में 15 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की। दूसरी कार्रवाई में भुवेन्द्र पाथर को एक मोटरसाइकिल सहित पकड़ा गया, जिसके पास से 15 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त बाइक जब्त की गई।
तीसरी कार्रवाई अंतर्राज्यीय चेक पोस्ट खुटगांव में की गई, जहां वाहन जांच के दौरान अरविन्द यादव के कब्जे से उड़ीसा निर्मित लाल घोड़ा छाप महुआ शराब के 250 पाउच (50 लीटर) तथा परिवहन में प्रयुक्त एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पुलिस के अनुसार तीनों आरोपियों से शराब के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर शराब और वाहनों को जब्त कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के विरुद्ध छत्तीसगढ़ आबकारी (संशोधन) अधिनियम, 2002 की धारा 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
जब्त सामग्री
- 30 लीटर कच्ची महुआ शराब (अनुमानित कीमत ₹6,000)
- 50 लीटर उड़ीसा निर्मित लाल घोड़ा छाप महुआ शराब (250 पाउच, अनुमानित कीमत ₹10,000)
- 2 मोटरसाइकिल (अनुमानित कीमत ₹40,000)
कुल जब्ती मूल्य: लगभग ₹56,000।





