राधे पटेल / गरियाबंद गरियाबंद। छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) द्वारा आगामी 26 अप्रैल 2026 को छत्तीसगढ़ राज्य कृषि विपणन (मंडी) बोर्ड के अंतर्गत उप निरीक्षक भर्ती परीक्षा 2026 का आयोजन किया जाएगा। यह परीक्षा प्रदेश के 16 जिलों में आयोजित की जाएगी, जिसमें लगभग 2 लाख 47 हजार अभ्यर्थी शामिल होंगे। इस परीक्षा में प्रदेश के सभी 33 जिलों के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
परीक्षा से पहले केंद्र का अवलोकन अनिवार्य

जिला जनसंपर्क कार्यालय से प्राप्त जानकारी के अनुसार अभ्यर्थियों को परीक्षा के एक दिन पूर्व अपने निर्धारित परीक्षा केंद्र का अनिवार्य रूप से अवलोकन करने की सलाह दी गई है, ताकि परीक्षा दिवस पर किसी भी प्रकार की असुविधा से बचा जा सके।
अभ्यर्थियों को परीक्षा प्रारंभ होने से कम से कम दो घंटे पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं। इससे फ्रिस्किंग और फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र के माध्यम से सत्यापन प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सकेगी।
परीक्षा का आयोजन प्रातः 10 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया जाएगा। परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वार सुबह 9:30 बजे बंद कर दिए जाएंगे। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।
ड्रेस कोड का पालन करना होगा अनिवार्य
परीक्षा की पारदर्शिता और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अभ्यर्थियों के लिए विशेष ड्रेस कोड निर्धारित किया गया है। अभ्यर्थियों को हल्के रंग के आधी बांह वाले कपड़े पहनकर परीक्षा केंद्र पहुंचने के निर्देश दिए गए हैं।
निम्न रंगों के कपड़े पहनना पूरी तरह वर्जित रहेगा—
- काला
- गहरा नीला
- गहरा हरा
- जामुनी
- मैरून
- बैंगनी
- गहरा चॉकलेटी रंग
धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले अभ्यर्थियों को सामान्य समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचना होगा। अतिरिक्त सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें ऐसी पोशाक में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध
परीक्षा केंद्र में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त रखते हुए किसी भी प्रकार के संचार या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है।
निम्न वस्तुएं परीक्षा केंद्र में ले जाना प्रतिबंधित रहेगा—
- मोबाइल फोन
- इलेक्ट्रॉनिक घड़ी
- पर्स और पाउच
- स्कार्फ, बेल्ट और टोपी
- किसी भी प्रकार के आभूषण
अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में केवल चप्पल पहनकर आने की अनुमति होगी। साथ ही परीक्षा के दौरान केवल काले या नीले बॉल प्वाइंट पेन का उपयोग करने की अनुमति दी गई है।
अनुचित साधनों के प्रयोग पर होगी कड़ी कार्रवाई
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यदि कोई अभ्यर्थी परीक्षा के दौरान अनुचित साधनों का उपयोग करते हुए पाया जाता है, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और उसकी अभ्यर्थिता तत्काल समाप्त कर दी जाएगी।
परीक्षा की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए सभी परीक्षा केंद्रों पर विशेष निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।


